हिंदुओं को लेकर भाजपा सांसद और राष्ट्रीय महासचिव ने विवादित बयान देकर सियासी गलियारों में चर्चा का बाजार गर्म कर दिया है. उन्होंने एक कार्यक्रम में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हिंदू युवाओं को शादी करके 5 बच्चे पैदा करने चाहिए.

मध्य प्रदेश के खरगोन-बड़वानी से भाजपा सांसद और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव गजेंद्र सिंह पटेल ने हिंदुओं को लेकर एक विवादित बयान दिया है. उन्होंने हिंदू युवाओं से अपील की है कि वे 5 बच्चे पैदा करें और हथियार भी रखें. शुक्रवार देर रात एक कार्यक्रम में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बयान दिया और कहा कि वे सनातनी हैं, इसलिए वे यह कहने से नहीं डरते हैं कि हिंदुओं को शादी करके 5 बच्चे पैदा करने चाहिए. क्योंकि सनातनी समुदायों में जन्म दर 1.9 प्रतिशत रह गई है. आज 4 बच्चों में से एक हिंदू होता है और बाकी 3 दूसरे समुदायों के होते हैं. सियासी गलियारों में उनके बयान की यह कहते हुए चर्चा की जा रही है कि भाजपा सांसद का दूसरे समुदाय कहने का मतलब मुस्लिम समुदाय है.
